बिहार के मधुबनी जिले के बेनीपट्टी प्रखंड अंतर्गत विशनपुर पंचायत के मकिया गांव में शनिवार को खिरोई नदी में नहाने के दौरान 14 वर्षीय किशोर के डूबकर लापता होने के बाद ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। समय पर राहत एवं बचाव दल नहीं पहुंचने से नाराज लोगों ने बसैठ-पुपरी मुख्य मार्ग को जाम कर प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया।
जानकारी के अनुसार, शनिवार दोपहर करीब 1:30 बजे गांव के दो किशोर खिरोई नदी में नहाने गए थे। इसी दौरान दोनों गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। इनमें से एक किशोर किसी तरह नदी से बाहर निकल आया और शोर मचाकर आसपास के लोगों को घटना की जानकारी दी।
सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण नदी किनारे पहुंचे और अपने स्तर पर लापता किशोर की तलाश शुरू कर दी। लेकिन काफी देर तक प्रशासन और राहत दल के मौके पर नहीं पहुंचने से लोगों में नाराजगी बढ़ गई। आक्रोशित ग्रामीणों ने बसैठ-पुपरी मार्ग जाम कर प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और तत्काल एसडीआरएफ की टीम भेजने तथा प्रभावी बचाव अभियान चलाने की मांग की।
बाद में प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। इसके साथ ही राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया गया। समाचार लिखे जाने तक किशोर की तलाश जारी थी।
