खिरोई नदी में डूबने से 14 वर्षीय किशोर की मौत, प्रशासन के खिलाफ फूटा ग्रामीणों का गुस्सा

 बिहार के मधुबनी जिले के बेनीपट्टी प्रखंड अंतर्गत विशनपुर पंचायत के मकिया गांव में खिरोई नदी में डूबने से 14 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे गांव में मातम का माहौल है। वहीं, समय पर राहत एवं बचाव दल नहीं पहुंचने से नाराज ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने बसैठ-पुपरी मुख्य मार्ग को जाम कर प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया।

जानकारी के अनुसार, शनिवार दोपहर करीब 1:30 बजे दो किशोर गांव से गुजरने वाली खिरोई नदी में नहाने के लिए गए थे। नहाने के दौरान दोनों गहरे पानी में चले गए। इनमें से एक किशोर किसी तरह बाहर निकल आया और शोर मचाकर आसपास के लोगों को घटना की जानकारी दी, जबकि दूसरा 14 वर्षीय किशोर नदी में डूब गया।

घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे और अपने स्तर पर खोजबीन शुरू कर दी। ग्रामीणों का आरोप है कि सूचना देने के बावजूद प्रशासन और राहत दल समय पर नहीं पहुंचा। इससे नाराज लोगों ने बसैठ-पुपरी मार्ग जाम कर प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और बचाव व्यवस्था पर सवाल उठाए।

बाद में प्रशासन और राहत दल मौके पर पहुंचे। काफी तलाश के बाद किशोर का शव नदी से बरामद कर लिया गया। शव मिलने के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।

घटना के बाद प्रशासन ने लोगों से बरसात के मौसम में नदी, तालाब और अन्य जलाशयों में नहाने के दौरान विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।