बारिश में टापू बना स्कूल, 300 बच्चे जान जोखिम में डालकर पहुंच रहे पढ़ने

बेतिया लगातार हो रही बारिश ने पश्चिम चंपारण जिले के नरकटियागंज प्रखंड स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय, सीसई की स्थिति बेहद चिंताजनक बना दी है। चारों ओर जलजमाव होने से विद्यालय पूरी तरह टापू जैसा दिखाई दे रहा है। ऐसे में करीब 300 छात्र-छात्राएं और 9 शिक्षक प्रतिदिन एक से दो फीट गंदे पानी से होकर स्कूल पहुंचने को मजबूर हैं।

विद्यालय तक पहुंचने के लिए न तो सुरक्षित सड़क है और न ही कोई ऊंचा संपर्क मार्ग। छोटे-छोटे बच्चे पानी के बीच से गुजरकर स्कूल पहुंचते हैं, जहां फिसलने और दुर्घटना का खतरा लगातार बना रहता है। अभिभावकों में भी बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि हर वर्ष बरसात के मौसम में यही स्थिति उत्पन्न होती है, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं किया गया। जलनिकासी और सड़क निर्माण की मांग लंबे समय से की जा रही है, बावजूद इसके समस्या जस की तस बनी हुई है।

विद्यालय प्रबंधन और ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द जलजमाव की समस्या दूर करने, सुरक्षित संपर्क मार्ग बनाने और बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। उनका कहना है कि शिक्षा के लिए बच्चों का इस तरह जान जोखिम में डालना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।