नालंदा जिले के लहेरी थाना क्षेत्र स्थित बैंक कॉलोनी में दिनदहाड़े हुई बड़ी चोरी की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। बेखौफ बदमाशों ने बंद पड़े एक घर का ताला तोड़कर लाखों रुपये के आभूषण और नकदी चोरी कर ली। घटना के बाद पीड़ित परिवार सदमे में है, जबकि पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
पीड़िता सुषमा कुमारी चौधरी, जो शिक्षा विभाग, नवादा में कार्यरत हैं, ने बताया कि वह रोज की तरह सुबह करीब 9 बजे ड्यूटी पर गई थीं। दोपहर करीब 3 बजे घर लौटने पर मुख्य दरवाजा खुला मिला। अंदर जाकर देखा तो गोदरेज और बक्सों के ताले टूटे हुए थे तथा घर का सामान बिखरा पड़ा था।
पीड़िता के अनुसार, बदमाश घर से करीब 15 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण, करीब 2 लाख रुपये नकद तथा अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गए। उन्होंने बताया कि आभूषण बेटी की आगामी शादी के लिए वर्षों की बचत से जुटाए गए थे।
घटना की सूचना मिलते ही लहेरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर बदमाशों की तलाश की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि मामला दर्ज कर लिया गया है और सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने का प्रयास किया जाएगा।
