मुजफ्फरपुर शहर के मिठनपुरा थाना क्षेत्र स्थित रामबाग मोहल्ले में सोमवार देर शाम हुए सनसनीखेज डबल मर्डर से इलाके में हड़कंप मच गया। अपराधियों ने घर में घुसकर रिटायर्ड बैंककर्मी अशोक कुंवर और उनकी पत्नी नीलम कुंवर की हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बदमाशों ने सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम दिया। अशोक कुंवर पर घर के ग्राउंड फ्लोर पर धारदार हथियार से हमला किया गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं उनकी पत्नी नीलम कुंवर का शव घर की छत पर मिला। शुरुआती जांच में उनके साथ भी गंभीर हिंसा किए जाने की आशंका जताई जा रही है।
सूचना मिलते ही मिठनपुरा थाना पुलिस और वरीय अधिकारी मौके पर पहुंचे। पूरे घर को घेरकर फॉरेंसिक टीम की मदद से साक्ष्य जुटाए गए। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले की जांच कई बिंदुओं पर की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और परिजनों व आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। हत्या के पीछे की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है।
पुलिस ने जल्द ही मामले का खुलासा करने का भरोसा जताया है। घटना ने शहर की कानून-व्यवस्था को लेकर भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
