मुजफ्फरपुर (बिहार): मुजफ्फरपुर में रिटायर्ड बैंककर्मी दंपति की निर्मम हत्या के मामले में पुलिस ने शुरुआती जांच में कई अहम खुलासे किए हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) कांतेस कुमार मिश्रा ने बताया कि दो संदिग्ध हमलावर पूरी तैयारी के साथ वारदात को अंजाम देने पहुंचे थे। उनके पास झोला, ग्लव्स (दस्ताने) और टेप जैसी सामग्री मौजूद थी।
एसएसपी के अनुसार, अपराधियों ने शाम करीब 4:30 बजे अलग-अलग फ्लोर पर पति और पत्नी की चाकू से गोदकर हत्या की। घटनास्थल से ग्लव्स, एक झोला तथा मृतक के चेहरे पर टेप बांधे जाने के निशान मिले हैं, जिससे साफ संकेत मिलता है कि वारदात सुनियोजित तरीके से की गई।
पुलिस ने बताया कि परिजनों से पूछताछ के दौरान संपत्ति विवाद का पहलू भी सामने आया है। हालांकि, एसएसपी ने कहा कि फिलहाल किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी और सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।
मामले के शीघ्र खुलासे के लिए सिटी एसपी के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और अन्य सुरागों के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी है।
एसएसपी कांतेस कुमार मिश्रा ने भरोसा दिलाया कि वैज्ञानिक जांच और साक्ष्यों के आधार पर जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
