नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बक्सर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। नया भोजपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 490 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ पांच अंतरजिला तस्करों को गिरफ्तार किया है। बरामद मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब एक करोड़ रुपये आंकी गई है।
पुलिस ने तस्करों के कब्जे से 490 ग्राम ब्राउन शुगर, एक कार और पांच मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। यह कार्रवाई 29 जुलाई को गोपाल डेरा पोखरा के पास गुप्त सूचना के आधार पर की गई।
एसडीपीओ पोलस्त कुमार ने बताया कि ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री की सूचना मिलने के बाद विशेष टीम का गठन किया गया था। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके से पांच तस्करों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान बक्सर जिले के मुंगांव निवासी सोनू कुमार, नाजीरगंज निवासी समीर शेख, चिलहरी निवासी सूर्यकांत पांडेय, भोजपुर जिले के फूहा निवासी मंजय पासवान तथा पूर्वी चंपारण के रामनगर निवासी कुमार गौरव के रूप में हुई है।
