मधुबनी में 15 भूमिहीन महिलाओं को मिला जमीन का अधिकार, मंत्री अरुण शंकर प्रसाद ने बांटे पर्चे

मधुबनी जिले के बासोपट्टी प्रखंड मुख्यालय स्थित प्रखंड सभाकक्ष में शनिवार को एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें बिहार सरकार के मंत्री अरुण शंकर प्रसाद ने भूमिहीन परिवारों के बीच भूमि स्वामित्व पत्र (पर्चा) का वितरण किया। कार्यक्रम में जयनगर एसडीएम दीपक कुमार और डीसीएलआर प्रवीण कुमार पाण्डेय भी मौजूद रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत मिथिला की पारंपरिक पाग और दोपट्टा पहनाकर अतिथियों के स्वागत से हुई। इसके बाद राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग की अभियान बसेरा-2 योजना के तहत 15 भूमिहीन महिलाओं को बंदोबस्ती पर्चे प्रदान किए गए। भूमि स्वामित्व पत्र मिलने के बाद लाभुक महिलाओं ने खुशी व्यक्त करते हुए सरकार और प्रशासन का आभार जताया।

मंत्री अरुण शंकर प्रसाद ने कहा कि राज्य सरकार भूमिहीन परिवारों को जमीन का अधिकार दिलाने और उन्हें सामाजिक एवं आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक समय पर और पारदर्शी तरीके से पहुंचाया जाए।