दो सूत्री मांगों को लेकर सफाई कर्मियों की हड़ताल तीसरे दिन भी जारी,

पश्चिम चंपारण जिले के विभिन्न नगर निकायों में ऑल इंडिया म्युनिसिपल वर्कर्स एसोसिएशन के आह्वान पर सफाई कर्मियों की दो सूत्री मांगों को लेकर चल रही अनिश्चितकालीन राज्यव्यापी हड़ताल तीसरे दिन भी जारी रही। हड़ताल के कारण कई नगर निकायों में सफाई व्यवस्था प्रभावित रही, जिससे आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

जिले के नगर निकायों में कार्यरत सफाई कर्मी अपनी लंबित मांगों को लेकर आंदोलनरत हैं। हड़ताल के समर्थन में नगर पंचायत लौरिया में सफाई कर्मियों ने नगर पंचायत कार्यालय से विरोध मार्च निकाला। यह मार्च नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए प्रभु चौक गोलंबर पहुंचा, जहां प्रदर्शनकारियों ने मुख्यमंत्री का पुतला दहन कर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।

प्रदर्शनकारियों का कहना है कि उनकी मांगों को लंबे समय से नजरअंदाज किया जा रहा है, जिसके कारण उन्हें आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ा है। उन्होंने सरकार से जल्द से जल्द उनकी समस्याओं का समाधान करने और मांगों को पूरा करने की अपील की।