पश्चिम चंपारण जिले के मझौलिया थाना क्षेत्र अंतर्गत लालसरैया चौक स्थित एक किराना दुकान में चोरों ने सेंधमारी कर लाखों रुपये की चोरी की वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद इलाके के व्यापारियों में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, बेतिया–मोतिहारी एनएच-727 पर स्थित किराना व्यवसायी प्रदीप शाह की दुकान को अज्ञात चोरों ने निशाना बनाया। चोर दुकान के पीछे की दीवार तोड़कर अंदर घुसे और नकदी सहित कई कीमती सामान लेकर फरार हो गए।
रविवार सुबह जब व्यवसायी प्रदीप शाह दुकान खोलने पहुंचे तो पीछे की दीवार टूटी हुई देखकर उनके होश उड़ गए। दुकान के अंदर सामान बिखरा पड़ा था और कई जरूरी सामान व नकदी गायब थी। व्यवसायी ने दावा किया है कि चोरी में करीब 4 से 5 लाख रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है।
घटना की सूचना मिलते ही मझौलिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के लोगों से पूछताछ की तथा मामले की छानबीन में जुट गई है।
