मानगो चाणक्यपुरी से 251 कांवरियों की निःशुल्क बाबा धाम यात्रा रवाना

मानगो के चाणक्यपुरी से रविवार को कांवरिया बोल बम सेवा संघ के तत्वावधान में जीतू सिंह परमार के नेतृत्व में लगातार पांचवें वर्ष 251 कांवरियों की निःशुल्क बाबा धाम यात्रा का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर भव्य रथ यात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।

“बोल बम” और “हर-हर महादेव” के जयघोष से पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में गूंज उठा। श्रद्धालुओं में उत्साह और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला। यात्रा के दौरान विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं का स्वागत भी किया गया।

रथ यात्रा के शुभारंभ अवसर पर जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय, उपमहापौर राहुल कश्यप, वार्ड पार्षद हेमंत सिंह, ललिता प्रधान, प्रियंका सिंह परमार, पूर्व मेयर प्रत्याशी संध्या सिंह, राजेश कुमार, पप्पू तिवारी, सोनू तिवारी सहित कई गणमान्य लोग एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

आयोजक जीतू सिंह परमार ने बताया कि कांवरिया बोल बम सेवा संघ पिछले पांच वर्षों से श्रद्धालुओं के लिए निःशुल्क बाबा धाम यात्रा का आयोजन कर रहा है। इस पहल का उद्देश्य अधिक से अधिक श्रद्धालुओं को बाबा बैद्यनाथ धाम की यात्रा का अवसर प्रदान करना और धार्मिक आस्था को बढ़ावा देना है।