खेत की सिंचाई के दौरान करंट लगने से किसान की मौत, परिवार में मचा कोहराम

नालंदा जिले के सिलाव थाना क्षेत्र के बरनौसा गांव में रविवार को खेत की सिंचाई के दौरान करंट लगने से एक किसान की मौत हो गई। हादसे के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया, जबकि पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

मृतक की पहचान बरनौसा गांव निवासी 50 वर्षीय नरेश सिंह के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार नरेश सिंह अपने खेत में पटवन (सिंचाई) करने गए थे। खेत में पानी की पाइप बिछाने के बाद वह मोटर चालू करने के लिए बिजली के तार में टोका फंसा रहे थे। इसी दौरान अचानक टोका टूटकर उनके हाथ पर गिर गया, जिससे वह करंट की चपेट में आ गए।

बताया जाता है कि बिजली का झटका इतना तेज था कि नरेश सिंह गंभीर रूप से झुलस गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी।

हादसे की सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।