पानी की टंकी में निकले पांच जहरीले सांप, वन विभाग ने सुरक्षित किया रेस्क्यू

हल्दूचौड़ क्षेत्र के परमा गांव में शनिवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक ग्रामीण के घर की अंडरग्राउंड पानी की टंकी में एक साथ पांच जहरीले सांप दिखाई दिए। समय रहते मामले की जानकारी वन विभाग को दी गई, जिसके बाद रेस्क्यू टीम ने मौके पर पहुंचकर सभी सांपों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

जानकारी के अनुसार, परमा गांव निवासी मथुरा दत्त अपने घर की अंडरग्राउंड पानी की टंकी की सफाई करने पहुंचे थे। जैसे ही उन्होंने टंकी का ढक्कन खोला, अंदर एक बड़ा जहरीला सांप और उसके चार बच्चे पानी में तैरते हुए दिखाई दिए। यह दृश्य देखकर वह घबरा गए और तुरंत परिवार के अन्य सदस्यों को इसकी सूचना दी।

घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। टीम ने सावधानीपूर्वक अभियान चलाते हुए टंकी में मौजूद सभी पांच सांपों को सुरक्षित बाहर निकाला। रेस्क्यू के दौरान आसपास बड़ी संख्या में ग्रामीण भी एकत्र हो गए।