मनरेगा के प्रभावी क्रियान्वयन में रामगढ़ बना राज्य का नंबर-1 जिला, 2,529 परिवारों को मिला 100 दिनों का रोजगार

झारखंड के रामगढ़ जिले ने मनरेगा के प्रभावी क्रियान्वयन में राज्य स्तर पर नया कीर्तिमान स्थापित किया है। ग्रामीण विकास विभाग, झारखंड सरकार की वित्तीय वर्ष 2025-26 की समीक्षा में रामगढ़ को राज्य में प्रथम स्थान प्राप्त हुआ है।

जिले ने 25.34 लाख मानव दिवस सृजन के लक्ष्य को शत-प्रतिशत हासिल करते हुए उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। मनरेगा के तहत रोजगार सृजन में महिलाओं की भागीदारी भी उल्लेखनीय रही। कुल सृजित रोजगार में महिलाओं की हिस्सेदारी 53 प्रतिशत दर्ज की गई, जिससे ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनने का अवसर मिला।

रामगढ़ जिले ने 2,529 लाभार्थियों को पूरे 100 दिनों का रोजगार उपलब्ध कराया, जिसके आधार पर यह राज्य में प्रथम स्थान पर रहा। जिले की इस उपलब्धि को ग्रामीण विकास और रोजगार सृजन के क्षेत्र में बड़ी सफलता माना जा रहा है।

प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, नियमित निगरानी और ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी के कारण यह उपलब्धि संभव हो सकी। जिले की इस सफलता से अन्य जिलों को भी प्रेरणा मिलेगी।