बिहारशरीफ में गुरुवार की शाम पुलिस की सतर्कता से एक बड़ी घटना टल गई। बिहार थाना क्षेत्र के चौखंडी स्थित दुर्गा मंदिर के पास पुलिस को देखते ही एक संदिग्ध बाइक सवार युवक बाइक और देसी कट्टा छोड़कर फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार, बिहार थाना पुलिस किसी सूचना के आधार पर नीमगंज मोहल्ले की ओर जा रही थी। इसी दौरान चौखंडी दुर्गा मंदिर के पास पुलिस वाहन को देखकर बाइक सवार युवक भागने लगा। उसकी संदिग्ध गतिविधियों को देखते हुए पुलिस ने उसका पीछा किया।
पुलिस से बचने के प्रयास में युवक बाइक छोड़कर पैदल फरार हो गया। पुलिस ने मौके से बाइक और देसी कट्टा बरामद कर लिया है। फरार आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस अभियान चला रही है।
घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस मामले की जांच के साथ यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी हथियार लेकर किस उद्देश्य से इलाके में घूम रहा था।
