पटना सिटी में बस से कुचलकर युवक की मौत, गुस्साए लोगों ने बस फूंकी; सड़क जाम

राजधानी पटना के पटना सिटी क्षेत्र के जीरो माइल के पास अगमकुआं थाना अंतर्गत बस की चपेट में आने से एक युवक की मौत के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश फैल गया। घटना के विरोध में लोगों ने एक बस में आग लगा दी और सड़क पर आवागमन बाधित कर दिया।

मृतक की पहचान मनीष कुमार के रूप में बताई जा रही है। वह छोटी पहाड़ी, रशीदा चक के रहने वाले थे और खेती-किसानी से जुड़े थे। हादसे के बाद बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जुट गए और घटना के विरोध में हंगामा शुरू कर दिया।

स्थिति उस समय और तनावपूर्ण हो गई जब प्रदर्शनकारियों ने मौके पर मौजूद पुलिस के सामने भी विरोध किया। रिपोर्ट के अनुसार, आक्रोशित लोगों ने कई वाहनों में तोड़फोड़ की। मौके पर मौजूद पत्रकारों को भी कवरेज करने से रोकने और उनके साथ मारपीट की कोशिश की गई।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि यदि समय रहते पुलिस मौके पर पहुंचकर शव को वहां से हटा लेती तो स्थिति इतनी नहीं बिगड़ती। फिलहाल इलाके में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है और पुलिस-प्रशासन स्थिति को नियंत्रित करने में जुटा है।