केंदुआडीह NH-32 पर भू-धसान स्थल पर BCCL और जिला प्रशासन ने शुरू किया काम

धनबाद-बोकारो मुख्य मार्ग पर केंदुआडीह थाना के समीप करीब चार महीने पहले हुए भू-धसान के बाद अब बीसीसीएल और जिला प्रशासन की संयुक्त टीम ने मौके पर काम शुरू कर दिया है। कार्य शुरू होने के साथ ही केंदुआडीह के लोगों में एक ओर सुरक्षा को लेकर भय, तो दूसरी ओर समस्या के समाधान की उम्मीद दिखाई दे रही है।

सुबह से ही भू-धसान वाले स्थान पर भारी संख्या में CISF जवान और स्थानीय पुलिस बल की तैनाती की गई थी, ताकि काम के दौरान किसी तरह का विरोध या अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो। बीसीसीएल की ओर से फिलहाल सड़क की खुदाई का काम शुरू किया गया है। इसके जरिए यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि जमीन के नीचे भू-धसान का दायरा कितना है और वहां कितने कोयले का भंडार मौजूद है।

मौके पर मौजूद बीसीसीएल और PWD के अधिकारियों ने कैमरे के सामने कुछ भी विस्तार से बताने से परहेज किया। अधिकारियों के अनुसार, फिलहाल स्थल की खुदाई कर स्थिति का आकलन किया जा रहा है। यदि यहां कोयले की मात्रा कम पाई जाती है तो उसे निकालकर गड्ढे की भराई की जाएगी। इसके बाद सड़क को दोबारा दुरुस्त करने की दिशा में आगे की कार्रवाई की जाएगी।

भू-धसान के कारण लंबे समय से परेशानी झेल रहे स्थानीय लोगों की नजर अब इस कार्रवाई के नतीजे पर है। लोगों को उम्मीद है कि प्रशासन और बीसीसीएल की पहल से जल्द ही सड़क और सुरक्षा से जुड़ी समस्या का स्थायी समाधान निकलेगा।