उत्तर प्रदेश के गोंडा मंडलीय कारागार में शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया जब अपने प्रेमी से मिलने पहुंची एक किशोरी के बैग से पिस्टल के 10 कारतूस और एक फर्जी आधार कार्ड बरामद हुआ। जेल प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए किशोरी को हिरासत में लेकर नगर कोतवाली पुलिस के हवाले कर दिया।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार दोपहर करीब 2 बजे जेल के मुख्य गेट पर नियमित जांच के दौरान महिला पुलिसकर्मियों ने किशोरी के बैग की तलाशी ली। तलाशी के दौरान बैग से पिस्टल के 10 कारतूस और एक संदिग्ध आधार कार्ड बरामद हुआ। इसके बाद जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया।
सूचना मिलते ही जेल अधीक्षक मृत्युंजय पांडेय मौके पर पहुंचे और किशोरी से पूछताछ की। प्रारंभिक जांच में पता चला कि किशोरी जेल में बंद अपने प्रेमी से मिलने आई थी, जो पॉक्सो एक्ट के एक मामले में बंद है।
बरामद आधार कार्ड के संबंध में भी पुलिस जांच कर रही है। आशंका जताई जा रही है कि कार्ड फर्जी हो सकता है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि किशोरी कारतूस लेकर जेल क्यों पहुंची थी और इसके पीछे कोई बड़ी साजिश तो नहीं है।
फिलहाल नगर कोतवाली पुलिस किशोरी से पूछताछ कर रही है और पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद ही मामले का पूरा खुलासा हो सकेगा।
