पूर्व सांसद रमा देवी और पूर्व मंत्री श्याम बिहारी प्रसाद के आवास पर बड़ी चोरी, इलाके में सनसनी

मोतिहारी में भाजपा की पूर्व सांसद रमा देवी और बिहार सरकार के पूर्व मंत्री श्याम बिहारी प्रसाद के पैतृक आवास पर बड़ी चोरी की घटना सामने आई है। अज्ञात चोरों ने बंद पड़े घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के सामान पर हाथ साफ कर दिया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है और पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

जानकारी के अनुसार, पूर्व मंत्री श्याम बिहारी प्रसाद स्वास्थ्य खराब होने के कारण 14 जून को अपने भेड़ियारी गांव स्थित आवास में ताला बंद कर इलाज के लिए दिल्ली गए थे। वहीं भाजपा की पूर्व सांसद रमा देवी भी अपने पैतृक गांव भेड़ियारी में केवल विशेष कार्यक्रमों के दौरान ही आती-जाती हैं। लंबे समय से घर बंद होने का फायदा उठाकर चोरों ने वारदात को अंजाम दिया।

बताया जाता है कि चोरों ने घर के ताले तोड़कर अंदर प्रवेश किया और कई कीमती सामानों की चोरी कर ली। घटना की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है।

उल्लेखनीय है कि भाजपा की पूर्व सांसद रमा देवी, बिहार सरकार के पूर्व कबीना मंत्री स्वर्गीय बृज बिहारी प्रसाद की पत्नी हैं, जबकि पूर्व मंत्री श्याम बिहारी प्रसाद उनके देवर हैं। दोनों का यह पैतृक आवास भेड़ियारी गांव में स्थित है।

पुलिस का कहना है कि चोरी गए सामानों का आकलन किया जा रहा है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों सहित अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर चोरों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। जल्द ही मामले का खुलासा किए जाने का दावा किया गया है।

बृजबिहारी हत्याकांड : सुप्रीम कोर्ट के फैसले पर पत्नी रमा देवी का आया  रिएक्शन, कहा- जो बच गए उन्हें... - Brij Bihari Prasad Murder After Supreme  Court decision wife Rama Devi ...