पटना सिटी में ट्रेन से शराब सप्लाई का खुलासा, 6 बोतल विदेशी शराब के साथ युवक गिरफ्तार

राजधानी पटना में शराब तस्करी के खिलाफ मद्य निषेध विभाग की टीम को बड़ी सफलता मिली है। पटना सिटी क्षेत्र में ट्रेन के जरिए शराब की सप्लाई करने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार युवक नालंदा जिले का रहने वाला बताया जा रहा है।

मद्य निषेध विभाग की टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि ट्रेन के माध्यम से शराब की खेप पटना लाई गई है और इसकी सप्लाई की जानी है। सूचना के आधार पर टीम ने कार्रवाई करते हुए छापेमारी की और एक युवक को पकड़ लिया।

तलाशी के दौरान युवक के पास से एक थैला बरामद हुआ, जिसमें रॉयल स्टैग की 6 बड़ी बोतल विदेशी शराब मिली। शराब को जब्त कर युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

पूछताछ में युवक ने बताया कि यूपी के दिलदारनगर से ट्रेन के माध्यम से विदेशी शराब बिहार लाई जाती है। इसके बाद शराब की अलग-अलग जगहों पर सप्लाई की जाती है। युवक के अनुसार, इस पूरे नेटवर्क में कई लोग शामिल हैं और अलग-अलग समूह ट्रेन के जरिए शराब बिहार लाकर सप्लाई करने का काम कर रहे हैं।

मद्य निषेध विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, कार्रवाई के दौरान गिरोह के कुछ अन्य सदस्य मौके से भागने में सफल रहे। विभाग अब उनकी पहचान और गिरफ्तारी के लिए आगे की कार्रवाई कर रहा है।

अधिकारियों का कहना है कि ट्रेन के जरिए शराब की तस्करी करने वाले नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा रही है और इस मामले में गिरफ्तार युवक से पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।