खगौल में 10वीं की छात्रा लापता, रेलवे यार्ड के पास मिला बैग और स्कूल ड्रेस

राजधानी पटना से सटे खगौल थाना क्षेत्र में स्कूल गई 10वीं कक्षा की एक छात्रा के लापता होने से इलाके में तनाव और चिंता का माहौल है। छात्रा स्कूल से छुट्टी होने के बाद घर नहीं लौटी। परिजनों ने स्कूल सहित आसपास के इलाकों में काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला।

परिजनों के अनुसार, छात्रा सोमवार सुबह करीब 8 बजे स्कूल जाने के लिए घर से निकली थी। स्कूल में करीब पौने दो बजे छुट्टी हुई। इसके बाद जब वह घर नहीं पहुंची तो परिवार के लोगों ने उसकी तलाश शुरू की।

खोजबीन के दौरान रेलवे यार्ड के पास छात्रा का बैग और स्कूल ड्रेस मिलने से परिजनों की चिंता और बढ़ गई। इसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी। छात्रा के लापता होने की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी मौके पर जुट गए।

परिजनों ने पुलिस से छात्रा की जल्द तलाश कर सुरक्षित बरामदगी की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और छात्रा की तलाश में जुटी है।

फिलहाल छात्रा के लापता होने के कारणों को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस की जांच और छात्रा की बरामदगी के बाद ही मामले की पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।