केएसआर कॉलेज को बचाने की मांग को लेकर आंदोलन का ऐलान किया गया है। समाजसेवी कुणाल कुमार के नेतृत्व में 16 अगस्त से सरायरंजन से पटना तक पदयात्रा निकाली जाएगी। इसकी जानकारी समस्तीपुर शहर के एक निजी होटल में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी गई।
आंदोलनकारियों का आरोप है कि ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे परियोजना की आड़ में सरायरंजन की ऐतिहासिक शैक्षणिक धरोहर केएसआर कॉलेज प्रभावित हो रहा है। इसी के विरोध में 16 अगस्त को सरायरंजन से पदयात्रा शुरू करने का निर्णय लिया गया है। पदयात्रा पटना पहुंचकर मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष के आवास तक जाएगी।
समाजसेवी कुणाल कुमार ने कहा कि विकास जरूरी है, लेकिन शिक्षा और क्षेत्र की ऐतिहासिक विरासत की कीमत पर विकास स्वीकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि कॉलेज को बचाने के लिए वैकल्पिक रास्ते और अन्य संभावनाओं पर विचार किया जाना चाहिए।
आंदोलनकारियों ने कहा कि केएसआर कॉलेज क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए लंबे समय से महत्वपूर्ण शैक्षणिक संस्थान रहा है। कॉलेज को किसी भी तरह का नुकसान होने से विद्यार्थियों और स्थानीय लोगों पर इसका प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान आंदोलनकारियों ने लोगों से पदयात्रा में शामिल होकर केएसआर कॉलेज को बचाने की मुहिम को मजबूती देने की अपील की। 16 अगस्त से शुरू होने वाली इस पदयात्रा के जरिए सरकार तक अपनी मांग पहुंचाने की तैयारी की जा रही है।
