फतुहा में चीनी लदा ट्रक पलटा, सड़क पर बिखरी बोरियां; बड़ा हादसा टला

पटना के फतुहा से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आई है। फतुहा यार्ड से चीनी लोड कर बुधदेवचक स्थित गोदाम जा रहा एक ट्रक महारानी चौक के पास अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

जानकारी के अनुसार, ट्रक फतुहा यार्ड से चीनी की बोरियां लोड कर बुधदेवचक स्थित गोदाम की ओर जा रहा था। इसी दौरान महारानी चौक के पास पहुंचते ही ट्रक अचानक अनियंत्रित हो गया और देखते ही देखते सड़क पर पलट गया।

ट्रक के पलटने के बाद उसमें लदी चीनी की बोरियां सड़क पर बिखर गईं। हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गए और दुर्घटनाग्रस्त ट्रक के आसपास पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।

गनीमत रही कि जिस वक्त ट्रक पलटा, उस दौरान उसकी चपेट में कोई राहगीर या दूसरा वाहन नहीं आया। इससे एक बड़ा हादसा टल गया।

घटना के बाद सड़क पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही। स्थानीय लोगों की मदद से सड़क पर बिखरी चीनी की बोरियों को हटाने का प्रयास किया गया। ट्रक के अनियंत्रित होने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है।