जिला पुलिस एवं प्रशासन द्वारा साइबर अपराध की रोकथाम को लेकर चलाए जा रहे जागरूकता अभियान के तहत गुरुवार को बड्स गार्डेन स्कूल, दलूडीह राजगंज में साइबर जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में धनबाद ग्रामीण एसपी एस. मोहम्मद याकुब ने छात्र-छात्राओं को साइबर अपराध से बचाव के उपायों की जानकारी दी।
कार्यशाला को संबोधित करते हुए ग्रामीण एसपी ने कहा कि साइबर अपराधी लोगों को ठगी का शिकार बनाने के लिए लगातार नए-नए तरीके अपना रहे हैं। डिजिटल युग में साइबर अपराध का दायरा तेजी से बढ़ रहा है, ऐसे में जागरूकता और सतर्कता ही इससे बचाव का सबसे प्रभावी माध्यम है।
उन्होंने विद्यार्थियों को ऑनलाइन फ्रॉड, फर्जी लिंक, ओटीपी साझा करने के खतरे, सोशल मीडिया सुरक्षा और डिजिटल लेन-देन के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही कहा कि किसी भी अनजान व्यक्ति को बैंकिंग या निजी जानकारी साझा नहीं करनी चाहिए।
ग्रामीण एसपी ने कहा कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य लोगों को साइबर ठगी से बचाना और डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक बनाना है। उन्होंने छात्रों से अपील की कि वे कार्यशाला में मिली जानकारी को अपने परिवार और आसपास के लोगों तक भी पहुंचाएं, ताकि अधिक से अधिक लोग साइबर अपराधियों के जाल में फंसने से बच सकें।
कार्यक्रम में स्कूल प्रबंधन, शिक्षकगण, पुलिस अधिकारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। कार्यशाला के दौरान विद्यार्थियों ने साइबर सुरक्षा से जुड़े कई सवाल भी पूछे, जिनका अधिकारियों ने विस्तार से जवाब दिया।
