भारत और चीन ने हाल ही में सीमा विवाद पर हुई उच्चस्तरीय वार्ता में बातचीत को आगे बढ़ाने और सीमा क्षेत्रों में बेहतर समन्वय के लिए नए सैन्य हॉटलाइन चैनल स्थापित करने पर सहमति जताई है। यह फैसला बीजिंग में भारत के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल और चीन के विदेश मंत्री वांग यी के बीच हुई 25वीं विशेष प्रतिनिधि (SR) वार्ता में लिया गया।
बैठक में दोनों देशों ने पूर्वी और मध्य सेक्टर में दो नए सैन्य हॉटलाइन चैनल तथा अतिरिक्त सैन्य बैठक बिंदु स्थापित करने पर सहमति बनाई। इसका उद्देश्य वास्तविक नियंत्रण रेखा (LAC) पर किसी भी गलतफहमी या तनाव की स्थिति को तेजी से संवाद के जरिए सुलझाना है।
वार्ता के दौरान दोनों पक्षों ने सीमा विवाद के स्थायी समाधान के लिए बातचीत जारी रखने, सीमा प्रबंधन को मजबूत करने और शांति एवं स्थिरता बनाए रखने की प्रतिबद्धता दोहराई। साथ ही, सीमा निर्धारण (Boundary Delimitation) पर “Early and Substantial Harvest” यानी शुरुआती ठोस प्रगति हासिल करने की दिशा में काम करने पर भी सहमति बनी।
यह घटनाक्रम भारत-चीन संबंधों में सकारात्मक संकेत माना जा रहा है, खासकर 2020 के गलवान संघर्ष के बाद दोनों देशों के बीच तनाव कम करने के प्रयासों के बीच।