जमशेदपुर में 13 सितंबर को ‘साझी शहादत-साझी विरासत’ सेमिनार, कई दिग्गज होंगे शामिल

सर्वोदय समिति, जमशेदपुर के तत्वावधान में आगामी 13 सितंबर 2026 को बिष्टुपुर स्थित माइकल जॉन ऑडिटोरियम में ‘साझी शहादत-साझी विरासत’ विषय पर महत्वपूर्ण सेमिनार का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम दोपहर 3:30 बजे से शुरू होगा।

सर्वोदय समिति के अध्यक्ष रियाजुद्दीन खान और महासचिव मनोज कुमार सिंह ने प्रेस वार्ता में बताया कि सेमिनार का उद्देश्य देश की गंगा-जमुनी तहजीब, साझा संस्कृति, सामाजिक समरसता और भाईचारे की भावना को मजबूत करना है।

समिति के अनुसार, कार्यक्रम के माध्यम से लोगों को भारत की साझा विरासत और स्वतंत्रता संग्राम में विभिन्न समुदायों के योगदान से अवगत कराने का प्रयास किया जाएगा।

आयोजकों ने बताया कि सेमिनार में कांग्रेस कार्यसमिति के सदस्य सह सांसद तारिक अनवर, पूर्व सांसद आनंद शर्मा समेत कई प्रमुख हस्तियां शामिल होंगी। कार्यक्रम को लेकर समिति की ओर से तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।

आयोजकों ने शहरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में शामिल होकर साझा संस्कृति और सामाजिक सौहार्द के संदेश को मजबूत करने की अपील की है।