पूसा प्रखंड के दक्षिणी हरपुर पंचायत के वार्ड संख्या-07 में 11 हजार वोल्ट का लाइव विद्युत तार काफी नीचे झूल रहा है। यह तार भुस्कौल चौक से बोस कंपनी चौक जाने वाली मुख्य सड़क के समीप फसल के ऊपर से गुजर रहा है। इससे स्थानीय ग्रामीणों, किसानों और खेतों में काम करने वाले मजदूरों के बीच हादसे का खतरा बना हुआ है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, बिजली का तार लंबे समय से नीचे झूल रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि इस समस्या की जानकारी विद्युत विभाग के SDO और JE को कई बार दी जा चुकी है, लेकिन अब तक तार को दुरुस्त नहीं किया गया है। इससे विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर लोगों में नाराजगी है।
पूर्व जिला परिषद प्रत्याशी सह आरवाईए के जिला सचिव रौशन कुमार ने कहा कि खेतों के ऊपर से गुजर रहा 11 हजार वोल्ट का लाइव तार बेहद खतरनाक स्थिति में है। उन्होंने कहा कि समय रहते तार को ठीक नहीं किया गया तो किसी भी समय बड़ी दुर्घटना हो सकती है।
ग्रामीणों ने विद्युत विभाग से मांग की है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए जल्द से जल्द झूलते तार को ठीक कराया जाए, ताकि किसानों और खेतों में काम करने वाले मजदूरों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
