UGC 2026 के समर्थन में बिहारशरीफ में बड़ा प्रदर्शन, DM को सौंपा गया 10 सूत्री मांगों का ज्ञापन

बिहारशरीफ में UGC 2026 के समर्थन में सामाजिक न्याय मोर्चा के तत्वावधान में जोरदार प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में विभिन्न सामाजिक और राजनीतिक संगठनों के कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। प्रदर्शनकारियों ने अपनी मांगों को लेकर जिलाधिकारी कार्यालय तक मार्च निकाला और 10 सूत्री मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा।

प्रदर्शन की शुरुआत श्रम कल्याण मैदान से हुई। यहां से निकला जुलूस शहर के प्रमुख मार्गों भैंसासुर चौक और अंबेर चौक से होते हुए जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचा। प्रदर्शनकारियों ने नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों के समर्थन में आवाज बुलंद की।

इस आंदोलन को अतिपिछड़ा दलित अल्पसंख्यक संघर्ष मोर्चा, फुटपाथ संघर्ष मोर्चा, डॉ. भीमराव अंबेडकर संघर्ष विचार मंच, आम जनता पार्टी इंडिया, आर्मी बहुजन और कुत्ता जनता पार्टी समेत कई संगठनों का समर्थन प्राप्त था। विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने सरकार से मांगों पर गंभीरता से विचार करने की अपील की।

प्रदर्शन के दौरान सामाजिक न्याय मोर्चा के जिला कमेटी सदस्य चंद्रशेखर प्रसाद, रामदेव चौधरी, अनिल पासवान सहित कई वक्ताओं ने अपने विचार रखे। वक्ताओं ने कहा कि UGC 2026 से जुड़े मुद्दों पर सरकार को सकारात्मक कदम उठाने चाहिए और समाज के कमजोर वर्गों के हितों की रक्षा सुनिश्चित करनी चाहिए।

प्रदर्शन के बाद प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी नालंदा को 10 सूत्री मांगों का ज्ञापन सौंपा और मांगों पर उचित कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ तथा प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए गए थे।