झारखंड विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देश पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार, धनबाद की ओर से बीसीसीएल सामुदायिक भवन, कोयला नगर में नेशनल लोक अदालत का आयोजन किया गया। लोक अदालत में बड़ी संख्या में विभिन्न मामलों और विवादों का निपटारा किया गया। कार्यक्रम के दौरान न्यायाधीशों और विधिक सेवा से जुड़े अधिकारियों ने लोगों को आपसी सहमति और कानूनी प्रक्रिया के माध्यम से विवादों के समाधान का संदेश दिया।
लोक अदालत में दोपहर दो बजे तक कुल 2 लाख 72 हजार 696 विवादों का निस्तारण किए जाने की जानकारी दी गई। इस दौरान कुल 15 अरब 67 करोड़ 25 लाख 20 हजार 215 रुपये से जुड़े विवादों का निपटारा हुआ। वहीं बीसीसीएल की ओर से 15 अरब 65 करोड़ 58 लाख 45 हजार 152 रुपये के मुआवजे का भुगतान किया गया।
कार्यक्रम के दौरान करीब एक अरब 66 करोड़ 34 लाख 63 हजार रुपये की परिसंपत्तियों का वितरण भी किया गया। कोविड-19 के दौरान अनाथ हुए 62 बच्चों को मौके पर ही स्पॉन्सरशिप योजना का लाभ उपलब्ध कराया गया। इसके अलावा हाथी के हमले में प्रभावित ग्रामीणों और सड़क दुर्घटनाओं में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों को भी मुआवजा दिलाया गया।
न्यायाधीश ने कहा कि युवा देश का भविष्य हैं और उन्हें नशे की चपेट में आने से रोकना जरूरी है। उन्होंने लोगों से कानूनी जागरूकता बढ़ाने की अपील की। साथ ही मुआवजे से संबंधित विवादों का निस्तारण 30 दिनों के भीतर करने पर जोर दिया।
