साकची में क्वार्टर से जेवरात चोरी का खुलासा, एक गिरफ्तार

साकची थाना क्षेत्र के तमरिया रोड स्थित क्वार्टर से सोना-चांदी के जेवरात और अन्य सामान चोरी के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सुमित दास उर्फ लंगड़ा को गिरफ्तार किया है। आरोपी की निशानदेही और पूछताछ के आधार पर चोरी के जेवरात बरामद किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, मामले की जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य और मानवीय सूचना को आधार बनाया गया। जांच के क्रम में पुलिस को आरोपी तक पहुंचने में सफलता मिली। पूछताछ के बाद उसकी निशानदेही पर चोरी किए गए सोना-चांदी के जेवरात बरामद किए गए।

मामले में शामिल एक अन्य आरोपी मो. जाफर को कदमा थाना कांड संख्या 98/26 में पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। उसके पास से भी चोरी के शेष सोना-चांदी के जेवरात बरामद किए गए हैं।

जानकारी के अनुसार, 7 सितंबर 2026 की दोपहर अज्ञात चोरों ने साकची थाना क्षेत्र के तमरिया रोड स्थित क्वार्टर नंबर एल-2/27 को निशाना बनाया था। यहां रहने वाले सुधांशु आदित्य के क्वार्टर से जेवरात समेत अन्य सामान चोरी होने की शिकायत पुलिस को दी गई थी।

मामले की जांच में पुलिस ने उपलब्ध तकनीकी और अन्य साक्ष्यों को खंगाला, जिसके बाद आरोपियों तक पहुंच बनाई गई। पुलिस अब मामले में शामिल अन्य संभावित आरोपियों और चोरी के सामान से जुड़े पहलुओं की भी जांच कर रही है।