बिहार पुलिस की एसटीएफ को हत्या के एक मामले में बड़ी सफलता मिली है। मंगलवार को एसटीएफ ने स्थानीय नगर पुलिस के सहयोग से हत्या मामले में फरार चल रहे वांछित अभियुक्त अंटू ईश्वर को गिरफ्तार किया। उसकी गिरफ्तारी शहर के बहादुरपुर मोहल्ला स्थित आवास से की गई।
जानकारी के अनुसार, पुलिस और एसटीएफ की टीम ने अंटू ईश्वर के आवास की काफी देर तक घेराबंदी की। इसके बाद पूरी सतर्कता के साथ छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। कार्रवाई के दौरान दंडाधिकारी के रूप में समस्तीपुर के अंचलाधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, अंटू ईश्वर हाजीपुर के गंगा ब्रिज थाना में दर्ज हत्या के एक मामले में वांछित था। इस मामले में वह फरार चल रहा था और पुलिस को उसकी तलाश थी।
एसटीएफ और स्थानीय पुलिस की संयुक्त कार्रवाई के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया की जा रही है।
