यूपी सेवा संकल्प अभियान के प्रभारी मंत्री आशीष पटेल बुधवार को गोंडा पहुंचे। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर अभियान की तैयारियों और प्रस्तावित कार्यक्रमों की जानकारी ली।
मंत्री ने बताया कि ‘जन सेवा ही प्रभु सेवा’ के तहत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान चलाया जाएगा। अभियान के दौरान कुल 13 कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अभियान के पहले दिन ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित होगा, जिसमें विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थी शामिल होंगे।
दौरे के दौरान आशीष पटेल से संजय निषाद और पूर्व विधानसभा अध्यक्ष माता प्रसाद पांडेय की मुलाकात को लेकर भी सवाल किया गया। इस पर उन्होंने कहा, “जिसे दर्द है, वह दवा ढूंढ रहा है, हमें कोई दर्द नहीं है।” उन्होंने राजनीतिक मर्यादा का पालन किए जाने की बात भी कही।
समीक्षा बैठक में सेवा संकल्प अभियान से जुड़े कार्यक्रमों और जनसेवा से संबंधित तैयारियों पर चर्चा हुई। मंत्री ने अभियान को लेकर अधिकारियों से आवश्यक जानकारी ली और निर्धारित कार्यक्रमों को लेकर दिशा-निर्देश दिए।
