अपराध गोष्ठी में एसएसपी का बड़ा लक्ष्य, दो माह में लंबित कांड 1500 से कम करने का निर्देश

पूर्वी सिंहभूम जिले में अपराध नियंत्रण और लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन को लेकर बुधवार को वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. ऐहतेशाम वकारिब की अध्यक्षता में मासिक अपराध गोष्ठी आयोजित की गई। बैठक में पुलिस अधीक्षक नगर समेत जिले के सभी पुलिस उपाधीक्षक, पुलिस निरीक्षक और थाना प्रभारी मौजूद रहे।

अपराध गोष्ठी के दौरान जिले की अपराध स्थिति, लंबित कांडों और विभिन्न मामलों में चल रहे अनुसंधान की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। एसएसपी ने अधिकारियों को आगामी दो माह में लंबित कांडों की संख्या 1500 से कम करने का लक्ष्य दिया।

उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को लंबित मामलों का त्वरित, समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण अनुसंधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही मामलों के निष्पादन में अनावश्यक देरी नहीं करने और अनुसंधान की नियमित समीक्षा करने पर जोर दिया गया।

बैठक में अपराध नियंत्रण को लेकर थाना स्तर पर की जा रही कार्रवाई की भी समीक्षा की गई। एसएसपी ने अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा अपराध की रोकथाम के लिए प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

अपराध गोष्ठी के दौरान लंबित मामलों के निष्पादन को प्राथमिकता देते हुए अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप कार्य करने को कहा गया। बैठक में जिले की पुलिसिंग व्यवस्था को और प्रभावी बनाने को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।