दो दिवसीय मानसून खेल महोत्सव का हुआ समापन, विजेताओं को किया गया सम्मानित

धनबाद प्रेस क्लब और 99 ग्रुप ऑफ कम्पनीज के संयुक्त तत्वावधान में मेमको मोड़ स्थित 99 ग्रुप ऑफ कम्पनीज के इंडोर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित दो दिवसीय मानसून खेल महोत्सव का गुरुवार को सफलतापूर्वक समापन हो गया। इस खेल महोत्सव में पत्रकारों ने कैरम, लूडो, शतरंज और बैडमिंटन प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक भाग लिया।

समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में धनबाद के डीएफओ विकास पालीवाल उपस्थित रहे। उनके साथ विभिन्न समाचार पत्रों के संपादक, 99 ग्रुप ऑफ कम्पनीज के सीएमडी श्याम पांडे, धनबाद प्रेस क्लब के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में सदस्य मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता और उपविजेता खिलाड़ियों को नगद पुरस्कार एवं ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया।

अतिथियों ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे खेल आयोजन पत्रकारों के बीच आपसी सौहार्द, स्वास्थ्य जागरूकता और टीम भावना को बढ़ावा देते हैं। आयोजन के सफल समापन पर प्रतिभागियों और आयोजकों में उत्साह का माहौल देखने को मिला।