भारत-नेपाल सीमा से सटे नरकटियागंज के मांगुराहा इलाके में SSB और बिहार पुलिस की संयुक्त रात्रि गश्ती के दौरान स्कूटी सवार दो संदिग्धों को पकड़ा गया। तलाशी के दौरान स्कूटी की सीट के नीचे छिपाकर रखी गई भगवान गौतम बुद्ध की पीली धातु की प्रतिमा बरामद हुई, जिसका वजन 7.705 किलोग्राम बताया गया है।
44वीं वाहिनी SSB नरकटियागंज की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, 17 सितंबर की शाम SSB मांगुराहा की टीम अंतरराष्ट्रीय सीमा स्तंभ संख्या 441 से करीब 6.2 किलोमीटर अंदर सैनिक रोड पर गश्त कर रही थी। निरीक्षक अरुण कुमार सिंह के नेतृत्व में जवानों ने स्कूटी सवार दो लोगों को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान सीट के नीचे छिपाई गई बुद्ध की प्रतिमा बरामद हुई।
प्रारंभिक जांच में मामला संदिग्ध तस्करी से जुड़ा माना जा रहा है। सुरक्षा एजेंसियां दोनों आरोपियों से पूछताछ कर प्रतिमा के स्रोत और इसे कहां ले जाया जा रहा था, इसकी जानकारी जुटा रही हैं। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
