भगवानपुर थाने में कांग्रेस विधायक ममता राकेश का धरना, अस्पताल प्रबंधन पर मुकदमे की मांग

भगवानपुर से कांग्रेस विधायक ममता राकेश ने आरोग्यम अस्पताल में हुए हंगामे के मामले को लेकर भगवानपुर थाने में सैकड़ों समर्थकों के साथ धरना प्रदर्शन किया। इस दौरान समर्थकों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए विधायक की तहरीर पर भी मुकदमा दर्ज करने की मांग की।

बताया जा रहा है कि अस्पताल प्रबंधन की तहरीर पर भगवानपुर पुलिस ने विधायक ममता राकेश के पुत्र के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। विधायक का आरोप है कि दूसरे पक्ष की ओर से दी गई तहरीर पर पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की।

इसी को लेकर विधायक अपने समर्थकों के साथ भगवानपुर थाने पहुंचीं और अपनी तहरीर पर मुकदमा दर्ज करने की मांग रखी। पुलिस की ओर से संतोषजनक जवाब नहीं मिलनेके बाद वह थाने में ही धरने पर बैठ गईं। समर्थकों ने भी थाने का घेराव किया

धरने के दौरान विधायक ममता राकेश ने कहा कि जब तक अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ मुकदमा दर्ज नहीं किया जाता, तब तक उनका धरना जारी रहेगा। उन्होंने मामले में पुलिस से निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की।

विधायक के धरने के बाद थाने में काफी देर तक गहमागहमी का माहौल बना रहा। पुलिस दोनों पक्षों की शिकायतों और लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है। मामले में आगे पुलिस की ओर से क्या कार्रवाई की जाती है, इस पर नजर बनी हुई है।