देवरिया में सड़क हादसा, घायल व्यक्ति की इलाज के दौरान मौत; बाइक की तलाश में जुटी पुलिस

नगर पंचायत तरकुलवा में सड़क हादसे में घायल एक व्यक्ति की मेडिकल कॉलेज देवरिया में इलाज के दौरान मौत हो गई। बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार मोटरसाइकिल की टक्कर से वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे।

पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान बृजवासी कुशवाहा (45 वर्ष) पुत्र स्वर्गीय स्वामीनाथ, निवासी वार्ड नंबर 15, बसंतपुर धूसी, नगर पंचायत तरकुलवा, थाना तरकुलवा के रूप में हुई है। हादसे के बाद उन्हें गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज देवरिया में भर्ती कराया गया था, जहां शुक्रवार देर रात इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

मौत की सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज देवरिया के मर्चरी हाउस में रखवाया गया।

पुलिस के मुताबिक, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों की तहरीर के आधार पर मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, हादसे में शामिल तेज रफ्तार बाइक की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।

घटना के बाद मृतक के परिजनों में शोक का माहौल है। पुलिस मामले की जांच करते हुए बाइक और उसके चालक के संबंध में जानकारी जुटा रही है।