जिला सीनियर फुटबॉल लीग के तहत मैथन स्टेडियम में खेले गए शांति गोपाल दा सीनियर फुटबॉल लीग के रोमांचक मुकाबले में एमपीएल स्पोर्ट्स क्लब मैथन और अपना यंग बॉयज क्लब के बीच मुकाबला 1-1 गोल की बराबरी पर समाप्त हुआ।
मैच की शुरुआत से ही दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने आक्रामक खेल का प्रदर्शन किया। मुकाबले के 11वें मिनट में अपना यंग बॉयज क्लब की ओर से रितेश मरांडी ने शानदार गोल कर अपनी टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई। इसके बाद एमपीएल स्पोर्ट्स क्लब मैथन ने बराबरी के लिए लगातार प्रयास किए, लेकिन मध्यांतर तक अपना यंग बॉयज क्लब अपनी बढ़त कायम रखने में सफल रहा।
मध्यांतर के बाद एमपीएल स्पोर्ट्स क्लब मैथन ने खेल में वापसी के लिए आक्रामक रुख अपनाया। लगातार हमलों का फायदा टीम को मैच के 50वें मिनट में मिला, जब आकाश मुर्मू ने गोल कर स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया।
इसके बाद दोनों टीमों ने निर्णायक गोल के लिए कई प्रयास किए, लेकिन निर्धारित समय तक कोई और गोल नहीं हो सका। अंततः मुकाबला 1-1 की बराबरी पर समाप्त हुआ।
मैच के दौरान खिलाड़ियों ने शानदार खेल भावना का प्रदर्शन किया। दोनों टीमों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला और दर्शकों ने भी पूरे मैच का आनंद लिया।
