मां की रसोई में स्मिता सिंह ने परोसी खिचड़ी-खीर, जरूरतमंदों संग बांटी खुशियां

रणधीर वर्मा चौक स्थित हनुमान मंदिर परिसर में शनिवार को कनक रेखा ट्रस्ट की ओर से संचालित ‘मां की रसोई’ के तहत जरूरतमंदों एवं श्रद्धालुओं के बीच खिचड़ी और खीर का वितरण किया गया। ट्रस्ट की अध्यक्ष ललिता सिंह के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम की शुरुआत बजरंगबली की पूजा-अर्चना के साथ हुई। इसके बाद श्रद्धालुओं एवं जरूरतमंदों के बीच भोजन का वितरण किया गया।

कार्यक्रम की विशिष्ट अतिथि स्मिता सिंह ने अपने हाथों से लोगों को खिचड़ी और खीर परोसकर सेवा कार्य में सहभागिता निभाई। इस अवसर पर अतिथि रंजना सिंह भी मौजूद रहीं। वहीं कनक रेखा ट्रस्ट की सदस्यों द्वारा स्मिता सिंह एवं रंजना सिंह को पुष्पगुच्छ और अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया।

स्मिता सिंह ने कहा कि कनक रेखा ट्रस्ट की अध्यक्ष ललिता सिंह लंबे समय से समाजसेवा के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभा रही हैं। ‘मां की रसोई’ जैसे अभियान जरूरतमंद लोगों तक भोजन पहुंचाने के साथ-साथ समाज में सेवा और सहयोग की भावना को भी मजबूत कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यों से समाज के कमजोर और जरूरतमंद वर्गों को राहत मिलती है तथा लोगों को मानवता की सेवा के लिए प्रेरणा मिलती है।

ट्रस्ट की अध्यक्ष ललिता सिंह ने बताया कि ‘मां की रसोई’ के माध्यम से नियमित रूप से जरूरतमंदों और श्रद्धालुओं के बीच भोजन वितरण किया जाता है। उन्होंने कहा कि ट्रस्ट का उद्देश्य समाज के वंचित और जरूरतमंद लोगों की सहायता करना तथा सेवा भाव को बढ़ावा देना है। कार्यक्रम में ट्रस्ट की सदस्याओं और सहयोगियों ने सक्रिय भूमिका निभाई तथा भोजन वितरण अभियान को सफल बनाने में योगदान दिया।