खेलगांव में पांचवीं झारखंड स्टेट पिकलबॉल चैंपियनशिप का भव्य आगाज, धनबाद के 13 खिलाड़ी दिखाएंगे दमखम

खेलगांव, रांची में शनिवार को पांचवीं झारखंड स्टेट पिकलबॉल चैंपियनशिप का भव्य आगाज हुआ। दो दिवसीय प्रतियोगिता 19 और 20 सितंबर को आयोजित की जा रही है। इसमें झारखंड के विभिन्न जिलों से करीब 200 खिलाड़ी अलग-अलग आयु वर्गों में हिस्सा ले रहे हैं। धनबाद के 13 खिलाड़ी भी प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।

प्रतियोगिता का उद्घाटन रांची नगर निगम की महापौर रोशनी खलको ने दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद गुब्बारे उड़ाकर प्रतियोगिता की औपचारिक शुरुआत की गई। उद्घाटन समारोह में खिलाड़ियों और खेलप्रेमियों में खासा उत्साह देखने को मिला।

इस अवसर पर झारखंड पिकलबॉल एसोसिएशन की ओर से मुख्य अतिथि महापौर रोशनी खलको का स्वागत किया गया। आयोजन से जुड़े पदाधिकारियों ने बताया कि राज्य में पिकलबॉल को लेकर खिलाड़ियों और युवाओं के बीच लगातार रुचि बढ़ रही है। विभिन्न जिलों से खिलाड़ियों की भागीदारी इस खेल के बढ़ते दायरे को दर्शाती है।

एसोसिएशन के पदाधिकारी बी. सुधीर ने कहा कि झारखंड में पिकलबॉल तेजी से लोकप्रिय हो रहा है। राज्य के अलग-अलग हिस्सों से खिलाड़ियों का इस प्रतियोगिता में शामिल होना उत्साहजनक है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने के साथ-साथ प्रतिस्पर्धी माहौल में सीखने और आगे बढ़ने का अवसर मिलता है।

दो दिवसीय प्रतियोगिता में विभिन्न आयु वर्गों के खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। धनबाद से पहुंचे 13 खिलाड़ियों को भी बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है। प्रतियोगिता को लेकर खिलाड़ियों में उत्साह है और खेलप्रेमियों की भी नजर धनबाद के प्रतिभागियों के प्रदर्शन पर बनी हुई है।

आयोजकों के अनुसार, राज्य स्तरीय प्रतियोगिता का उद्देश्य पिकलबॉल को झारखंड के अधिक से अधिक जिलों तक पहुंचाना और खिलाड़ियों को बेहतर मंच उपलब्ध कराना है। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों के बीच रोमांचक मुकाबले देखने को मिलेंगे।