लोयाबाद के 7 नंबर मस्जिद बस्ती में भू-धसान की घटना के बाद इलाके में लोगों के बीच चिंता का माहौल है। घटना की जानकारी मिलने के बाद जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के धनबाद जिलाध्यक्ष पिंटू कुमार सिंह रविवार को घटनास्थल पर पहुंचे और प्रभावित क्षेत्र का जायजा लिया।
पिंटू कुमार सिंह ने मौके पर पहुंचकर भू-धसान से प्रभावित स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बस्ती में रहने वाले लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और घटना के बाद उत्पन्न परिस्थितियों की जानकारी ली। प्रभावित बस्तीवासियों ने सुरक्षा, पुनर्वास और मुआवजे से जुड़ी अपनी समस्याएं उनके समक्ष रखीं।
जदयू जिलाध्यक्ष पिंटू कुमार सिंह ने कहा कि भू-धसान की घटना बेहद गंभीर और दुखद है। प्रभावित परिवारों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि लोगों को असुरक्षित स्थान पर रहने के लिए मजबूर नहीं किया जा सकता। प्रभावित परिवारों के लिए सुरक्षित स्थान पर पुनर्वास की व्यवस्था जरूरी है।
उन्होंने बताया कि सोमवार को बीसीसीएल के सीएमडी से मुलाकात कर लोयाबाद 7 नंबर मस्जिद बस्ती के प्रभावित परिवारों की समस्याओं को प्रमुखता से रखा जाएगा। इस दौरान सुरक्षित पुनर्वास, उचित मुआवजा और प्रभावित लोगों की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की जाएगी।
पिंटू कुमार सिंह ने बीसीसीएल प्रबंधन से अपील की कि घटना को गंभीरता से लेते हुए प्रभावित क्षेत्र का तकनीकी निरीक्षण कराया जाए और लोगों की सुरक्षा को देखते हुए आवश्यक कार्रवाई जल्द की जाए। उन्होंने कहा कि प्रभावित परिवारों को राहत देने के साथ-साथ भविष्य में ऐसी घटनाओं की आशंका को कम करने के लिए भी ठोस कदम उठाए जाने चाहिए।
घटनास्थल के निरीक्षण के दौरान स्थानीय लोगों ने भी अपनी समस्याओं और चिंताओं से जदयू जिलाध्यक्ष को अवगत कराया। पिंटू कुमार सिंह ने लोगों को भरोसा दिलाया कि उनकी समस्याओं को संबंधित अधिकारियों के समक्ष मजबूती से रखा जाएगा और सुरक्षित पुनर्वास एवं मुआवजे के मुद्दे पर आवश्यक पहल की जाएगी।
