बक्सर पुल पर बड़ी कार्रवाई, डाक पार्सल वैन से 10 लाख की शराब बरामद; दो तस्कर गिरफ्तार

बक्सर उत्पाद विभाग ने वीर कुंवर सिंह सेतु ऊपरी पुल चेक पोस्ट पर वाहन जांच के दौरान बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की है। उत्पाद विभाग की टीम ने एक डाक पार्सल लिखी संदिग्ध गाड़ी की जांच की, जिसमें हरियाणा निर्मित विदेशी शराब की बड़ी खेप बरामद हुई।

जानकारी के अनुसार, कल संध्या उत्पाद विभाग की टीम वीर कुंवर सिंह सेतु ऊपरी पुल चेक पोस्ट पर वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान डाक पार्सल लिखी एक गाड़ी को संदिग्ध अवस्था में रोककर उसकी तलाशी ली गई। अवर निरीक्षक प्रिंस कुमार के नेतृत्व में हुई जांच के दौरान वाहन से शराब बरामद होने के बाद मौके से दो लोगों को गिरफ्तार किया गया।

उत्पाद विभाग के अनुसार, वाहन से कुल 95 कार्टन विदेशी शराब बरामद हुई है, जिसकी मात्रा 844.20 लीटर बताई गई है। बरामद शराब का बाजार मूल्य करीब 10 लाख रुपये बताया जा रहा है।

प्रारंभिक पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने उत्पाद विभाग को बताया कि शराब की यह खेप जालंधर से पूर्णिया ले जाई जा रही थी। हालांकि, शराब की तस्करी से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

कार्रवाई के बाद उत्पाद विभाग ने बरामद शराब और वाहन को जब्त कर लिया है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों के खिलाफ उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

उत्पाद विभाग द्वारा यह भी जांच की जा रही है कि शराब की खेप कहां से भेजी गई थी और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं। मामले में आगे की जांच के आधार पर अन्य लोगों की भूमिका सामने आने पर कार्रवाई की जा सकती है।