गिरिडीह पुलिस की बड़ी पहल, 105 गुम मोबाइल उनके असली मालिकों को लौटाए

आम लोगों की खोई संपत्ति वापस दिलाने और पुलिस-पब्लिक समन्वय को मजबूत करने के उद्देश्य से गिरिडीह पुलिस का ‘आपका मोबाइल, फिर से आपका’ अभियान लगातार जारी है। इसी अभियान के तहत पुलिस केंद्र, गिरिडीह में एक विशेष कार्यक्रम आयोजित कर बरामद किए गए 105 गुम या खोए मोबाइल फोन उनके वास्तविक मालिकों को सौंपे गए।

पुलिस टीम ने तकनीकी अनुसंधान और त्वरित कार्रवाई के माध्यम से इन मोबाइल फोन को बरामद किया। मोबाइल वापस मिलने के बाद लोगों ने गिरिडीह पुलिस की कार्रवाई की सराहना की।

कार्यक्रम में गिरिडीह के पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार, पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी और कर्मी मौजूद रहे।

पुलिस के अनुसार, अभियान का उद्देश्य लोगों के खोए हुए मोबाइल फोन को तकनीकी माध्यमों से ट्रेस कर बरामद करना और उन्हें उनके वास्तविक मालिकों तक पहुंचाना है। इस पहल से आम लोगों में पुलिस के प्रति भरोसा बढ़ाने और पुलिस-पब्लिक समन्वय को मजबूत करने में मदद मिल रही है।