मधुश्रवां धाम में चला विशेष सफाई अभियान, लोगों ने ली स्वच्छता की शपथ

स्वच्छता पखवाड़ा के तहत अरवल जिले के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल मधुश्रवां धाम में विशेष सफाई अभियान चलाया गया। 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक चलने वाले इस अभियान का उद्देश्य सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने के साथ लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करना है।

मधुश्रवां मंदिर परिसर में आयोजित कार्यक्रम की अगुवाई कलेर मुखिया संघ के प्रखंड अध्यक्ष सह पहलेजा पंचायत के मुखिया मुंद्रिका सिंह ने की। इस दौरान स्वच्छता के जिला समन्वयक निलेश कुमार, प्रखंड समन्वयक सोहराब आलम, पंचायत पर्यवेक्षक, स्वच्छता कर्मी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

कार्यक्रम के दौरान लोगों को सार्वजनिक स्थानों पर कचरा नहीं फैलाने और आसपास स्वच्छता बनाए रखने की शपथ दिलाई गई। इसके बाद अधिकारियों, कर्मियों और ग्रामीणों ने मंदिर परिसर के आसपास झाड़ू लगाकर सफाई की और कचरे को एकत्र किया।

मुखिया मुंद्रिका सिंह ने कहा कि धार्मिक स्थल लोगों की आस्था के केंद्र हैं और इन्हें स्वच्छ रखना सभी की जिम्मेदारी है। वहीं, जिला समन्वयक निलेश कुमार ने बताया कि स्वच्छता पखवाड़े के दौरान जिले की पंचायतों में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। सार्वजनिक शौचालयों, बाजारों और धार्मिक स्थलों की सफाई पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।