जिला मुख्यालय स्थित समाहरणालय परिसर में शुक्रवार को आयोजित जनसुनवाई में जिलाधिकारी तरनजोत सिंह ने जिले के विभिन्न प्रखंडों और पंचायतों से पहुंचे लोगों की समस्याएं सुनीं। जनसुनवाई के दौरान कुल 41 मामलों की सुनवाई की गई, जिनमें कई शिकायतों का मौके पर ही समाधान कर दिया गया।
जनसुनवाई में राजस्व, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, भूमि विवाद, प्रधानमंत्री आवास योजना, बिजली, पेयजल, सड़क एवं सड़क मरम्मत से संबंधित शिकायतें प्रमुख रूप से सामने आईं। लोगों ने अपनी समस्याएं जिलाधिकारी के समक्ष रखीं और उनके समाधान की मांग की।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को शिकायतों की जांच कर शीघ्र और नियमानुसार कार्रवाई करने का निर्देश दिया। जिन मामलों का मौके पर समाधान संभव था, उनमें तत्काल कार्रवाई की गई, जबकि अन्य मामलों के त्वरित निष्पादन के लिए संबंधित विभाग के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
जनसुनवाई के दौरान डीएम ने अधिकारियों को आम लोगों की समस्याओं को गंभीरता से लेने और शिकायतों का समयबद्ध तरीके से निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा। प्रशासन की इस पहल से अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे लोगों को सीधे जिलाधिकारी के समक्ष अपनी बात रखने का अवसर मिला।
