पूर्वी चंपारण जिले के बंजरिया प्रखंड क्षेत्र में ड्यूटी से लौट रहे शिक्षक शमशाद आलम की हत्या के बाद सियासी गतिविधियां तेज हो गई हैं। घटना के बाद राजद का एक शिष्टमंडल सिसवा पूर्वी पंचायत के शाहबाज टोला स्थित मृतक के आवास पहुंचा और परिजनों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की।
इस दौरान नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने वीडियो कॉल के जरिए मृतक शिक्षक के पिता मो. रफीस से बातचीत की। तेजस्वी यादव ने परिजनों को न्याय दिलाने का भरोसा दिया। बातचीत के बाद मृतक के पिता ने कहा कि उन्हें तेजस्वी यादव पर भरोसा है और उन्हें उम्मीद है कि न्याय मिलेगा।
शमशाद आलम के आवास पर पहुंचे राजद शिष्टमंडल में पूर्व मंत्री डॉ. समीम अहमद, पूर्व विधायक लक्ष्मी नारायण यादव, राजद जिलाध्यक्ष एवं पूर्व विधायक मनोज यादव समेत कई नेता मौजूद रहे। नेताओं ने परिजनों से घटना की जानकारी ली और हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
शिक्षक शमशाद आलम की हत्या के बाद इलाके में शोक का माहौल है। वहीं, घटना को लेकर राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है। राजद नेताओं ने मामले में दोषियों के खिलाफ कार्रवाई और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की है।
