तीन दिवसीय बैंक हड़ताल से पहले यूएफबीयू का प्रदर्शन, एकतरफा फैसलों के खिलाफ जताया आक्रोश

तीन दिवसीय बैंक हड़ताल की पूर्व संध्या पर यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) के निर्णय के तहत जमशेदपुर यूनिट के बैनर तले राष्ट्रीयकृत बैंकों के कर्मचारियों और अधिकारियों ने पोस्टल पार्क के समक्ष जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान बैंक कर्मचारियों ने पांच दिवसीय कार्यदिवस और डीएफएस-पीएलआई से जुड़े एकतरफा निर्णयों के खिलाफ अपना आक्रोश व्यक्त किया।

प्रदर्शन का नेतृत्व यूएफबीयू के संयोजक कॉमरेड रिंटू रजक ने किया। प्रदर्शन को सफल बनाने के उद्देश्य से यूएफबीयू की टीम ने शहर के विभिन्न बैंक शाखाओं का दौरा कर कर्मचारियों और अधिकारियों से संपर्क किया। टीम में कॉमरेड रिंटू रजक, एआईबीईए के कॉमरेड सपन अदख, आरबी सहाय, बेफी के कॉमरेड सुजय राय, एनसीबीईए के कॉमरेड रामजी प्रसाद तथा ऑल इंडिया पीएनबी एम्प्लाइज एसोसिएशन के राज्य सचिव कॉमरेड हीरा अरकने शामिल रहे।

टीम ने गोलमुरी, साकची और बिष्टुपुर स्थित विभिन्न बैंक शाखाओं का दौरा किया। इस दौरान कर्मचारियों के साथ तीन दिवसीय बैंक हड़ताल को लेकर चर्चा की गई और प्रदर्शन में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने का आह्वान किया गया।

यूएफबीयू नेताओं ने कहा कि बैंक कर्मचारियों से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर संगठन लगातार अपनी मांगों को लेकर आवाज उठाता रहा है। प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने अपनी मांगों के समर्थन में नारेबाजी करते हुए एकजुटता का प्रदर्शन किया।

प्रदर्शन में विभिन्न बैंक कर्मचारी संगठनों से जुड़े पदाधिकारी और कर्मचारी शामिल हुए। नेताओं ने तीन दिवसीय हड़ताल को सफल बनाने के लिए कर्मचारियों से संगठित होकर भाग लेने की अपील की।