अवैध बालू खनन में चार जिलों के 23 गिरफ्तार, चार नावें और ड्रेजर जब्त

अवैध बालू खनन और परिवहन के खिलाफ भोजपुर पुलिस एवं खनन विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। एसपी के निर्देश पर चांदी थाना क्षेत्र के बहियारा-फरहंगपुर के समीप सोन नदी में छापेमारी कर पुलिस ने 23 आरोपितों को गिरफ्तार किया है।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने बालू लदी चार नावों के साथ अवैध खनन में इस्तेमाल की जा रही एक ड्रेजर (डुबिया) मशीन भी जब्त की। मंगलवार को एसडीपीओ सदर-2 रंजीत कुमार सिंह ने चांदी थाने में प्रेस वार्ता कर कार्रवाई की जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, एनजीटी के निर्देश के तहत 15 जून से 15 अक्टूबर तक बालू खनन पर रोक है। इसके बावजूद सोन नदी में अवैध रूप से बालू का खनन और परिवहन किए जाने की सूचना पर कार्रवाई की गई।

पुलिस ने बताया कि इस मामले में सरकार को करीब 58 लाख 80 हजार 400 रुपये के राजस्व नुकसान का अनुमान है। गिरफ्तार आरोपितों के संबंध में पुलिस ने बताया कि वे भोजपुर, सारण, सिवान और गोपालगंज जिलों से जुड़े हैं।

पुलिस एवं खनन विभाग की इस कार्रवाई के बाद अवैध बालू खनन और परिवहन में शामिल लोगों में हड़कंप मचा हुआ है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।