मीटर बाइपास कर बिजली चोरी करते पकड़े गए, 38,257 रुपये के जुर्माने के साथ प्राथमिकी दर्ज

बिजली चोरी पर अंकुश लगाने और राजस्व वसूली को मजबूत करने के लिए विद्युत आपूर्ति अवर प्रमंडल बिक्रमगंज की ओर से विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत मंगलवार को कनीय अभियंता और कर्मचारियों की टीम ने दिनारा थाना क्षेत्र के जमरौढ़ में बिजली चोरी के एक मामले का खुलासा किया।

कनीय अभियंता विकास कुमार के अनुसार, जमरौढ़ निवासी रामजी साह, पिता स्व. खेदन साह को मीटर बाइपास कर बिजली चोरी करते पकड़ा गया। आरोप है कि एलटी लाइन से मीटर में जा रहे इनकमिंग तार में कटिंग कर अतिरिक्त तार जोड़कर मीटर को बाइपास किया जा रहा था।

बिजली चोरी के मामले में विभाग की ओर से 38,256 रुपये का जुर्माना लगाया गया है। साथ ही मामले को लेकर प्राथमिकी भी दर्ज कराई गई है।

कनीय अभियंता ने बताया कि विद्युत चोरी के मामलों में विभाग की ओर से लगातार जांच और कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील की कि बिजली का अवैध रूप से उपयोग न करें और विभागीय नियमों का पालन करें।

विद्युत विभाग ने स्पष्ट किया है कि बिजली चोरी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और जांच के दौरान अनियमितता पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।