हैप्पी हत्याकांड के ब्लाइंड मर्डर केस का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक और मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया है। बहादराबाद पुलिस ने आरोपी इस्तकार को थाना फतेहपुर क्षेत्र के छुटमलपुर फ्लाईओवर के पास घेराबंदी कर पकड़ा। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त तमंचा और खूनालूदा शर्ट बरामद करने का दावा किया है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए SSP हरिद्वार नवनीत सिंह ने पुलिस टीमों का गठन कर अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी थीं। साथ ही मामले के जल्द खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दिशा-निर्देश दिए गए।
पुलिस टीमों ने लगातार पतारसी और सुरागरसी करते हुए आरोपियों की तलाश शुरू की। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि हत्याकांड का आरोपी इस्तकार थाना फतेहपुर क्षेत्र में देखा गया है।
सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक बहादराबाद पुलिस टीम के साथ थाना फतेहपुर, जनपद सहारनपुर क्षेत्र स्थित छुटमलपुर फ्लाईओवर के पास पहुंचे और घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों की गिरफ्तारी में तेजी लाने के लिए आरोपी इस्तकार पर 10 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया था। मामले में पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
